महिला ग्राम विकास अधिकारी 10 हजार 400 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर ( नवयत्न ) । भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई करते हुए झालावाड़ जिले की ग्राम पंचायत मऊ बोरदा पंचायत समिति खानपुर में कार्यरत महिला ग्राम विकास अधिकारी रजनी मीणा को 10 हजार 400 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि झालावाड़ चौकी की टीम ने बुधवार को यह ट्रैप कार्रवाई अंजाम दी। कार्रवाई को कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के नेतृत्व में किया गया।
गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने 10 अप्रैल 2026 को शिकायत दी थी कि वह महूमहल खीची दरबार सेवा समिति की सदस्य है। संस्था द्वारा 16 फरवरी 2026 को धानोद खुर्द, पंचायत बोरदा मऊ (खानपुर में 26-27 जोड़ों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया गया था। जिसका पूरा खर्च संस्था व जन सहयोग से वहन किया गया। विवाह के बाद प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया के लिए जब परिवादी ग्राम विकास अधिकारी के पास गई तो आरोपी ने प्रति प्रमाण पत्र 500 रुपए की मांग की। बाद में सौदेबाजी के दौरान प्रति जोड़ा 400 रुपए तय किए गए और कुल 26 जोड़ों के प्रमाण पत्र के लिए 10 हजार 400 रुपए रिश्वत की मांग की गई।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद 15 अप्रैल को जाल बिछाकर आरोपी को कार्यालय में परिवादी से 10 हजार 400 रुपए लेते पकड़ा।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसके आवास की तलाशी भी जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।