बीच सड़क पिता-पुत्र पर हमला: लाठी-डंडों से पीटकर बदमाश फरार

डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । विद्याधर नगर थाना पुलिस जयपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े कार गैरेज पर 10-15 बदमाशों ने पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भीड़ जुटने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार नया खेड़ा निवासी दीपक सैनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मालरोड स्थित उनकी “सैनी कार एसी” नाम से गैरेज है। रविवार सुबह करीब 10:15 बजे वह एक कार ठीक कर बाहर निकाल रहे थे, तभी ओवरस्पीड में आ रही दूसरी कार से हल्की टक्कर हो गई। इस पर कार सवार युवक ने गाली-गलौज की और कहासुनी के बाद वहां से चला गया।
कुछ देर बाद वही युवक 10-15 साथियों के साथ गैराज पर लौटा और दीपक सैनी व उनके दोनों बेटों राहुल व मनीष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। तीनों को जमकर पीटा गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। जाते समय उन्होंने धमकी दी कि “अब तो बच गए, फिर आकर जान से मार देंगे।”
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल करवाया और मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

You might also like