युवक की निर्मम हत्या से आक्रोश, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पोस्टमार्टम पर बनी सहमति
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा ( नवयत्न ) । बालाजी थाना क्षेत्र के ग्राम धुंधवालों की ढाणी (अलाय) निवासी मनीष जांगू पुत्र लुणाराम जांगू की 17 अप्रैल 2026 को हुई निर्मम हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अज्ञात हमलावरों द्वारा हत्या के बाद शव को नोखा क्षेत्र के बंधड़ा की सुनसान रोही में फेंक देना मानवता को शर्मसार करने वाली घटना के रूप में देखा जा रहा है।
घटना के विरोध में परिजनों व ग्रामीणों ने मृतक का शव नोखा स्थित बागड़ी जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार दो दिनों तक धरना दिया। धरने के दौरान क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौके पर जुटे।
कांग्रेस नेता मुरली गोदारा ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद आज परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए सहमति दी। इस दौरान नोखा वृताधिकारी जरनेल सिंह एवं थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज भी धरना स्थल पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
धरने में नागौर प्रधान श्रवण मेघवाल, मंगनाराम केडली, काहिरा सरपंच रामदेव शिवराण, मकोड़ी सरपंच भंवरलाल जांगू, धुंधवालों की ढाणी सरपंच भंवर गोदारा, मोडाराम जांगू, आरपीएल नेता तिलोक खिलेरी, अशोक जांगू, पोकरराम गोदारा, केवीएस अध्यक्ष अलाय नेमाराम धुंधवाल, लाधुराम गोदारा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे। समाचार लिखें जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।