गौ सम्मान आह्वान के तहत 27 अप्रैल को तहसीलदार को सौंपेंगे ज्ञापन

ललित दाधीच

राजलदेसर (नवयत्न) । राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 27 अप्रैल को राजलदेसर में संतों के सानिध्य में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह अभियान देशभर में गौ माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। अभियान से जुड़े शिव भगवान सोनी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हस्ताक्षर अभियान चलाकर आमजन का समर्थन जुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को बड़ी संख्या में गौ भक्त एकत्रित होकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इससे पूर्व दंडी स्वामी जोगेन्द्राश्रम महाराज एवं भगवती भद्रकाली शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर दण्डी स्वामी शिवेन्द्राश्रम महाराज ने अभियान के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। संतों ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौ माता के सम्मान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अभियान का मुख्य उद्देश्य गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाने तथा गौवंश के संरक्षण और सुरक्षा के लिए ठोस कानून लागू करवाना है।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक वर्ग एवं गौसेवा से जुड़े लोगों का समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। आयोजकों ने सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस अभियान में शामिल होकर गौ संरक्षण के इस प्रयास को सफल बनाएं। ज्ञापन के समय संत सुरजीत नाथ महाराज सहित अन्य संत भी सम्मिलित होंगे।

You might also like