काला हिरण फिल्म में नजर आएंगे एक्टर सोनू मिश्रा
सुभाष वर्मा
तारानगर (नव्ययम) । तारानगर तहसील के बुचावास गांव निवासी एक्टर सोनू मिश्रा जल्द ही अपकमिंग फ़िल्म ‘काला हिरण’ में नज़र आने वाले हैं। इस फ़िल्म का निर्माण फिल्ममेकर अमित जानी द्वारा ‘जानी फ़ायरफ़ॉक्स फ़िल्म्स’ के बैनर तले किया जा रहा है। अमित जानी इससे पहले चर्चित फ़िल्म ‘उदयपुर फ़ाइल्स’ के लिए भी जाने जाते हैं। जानकारी के अनुसार, यह फ़िल्म चर्चित ब्लैकबक केस से प्रेरित बताई जा रही है, जिसके चलते दर्शकों में इस प्रोजेक्ट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। फ़िल्म के मेकर्स ने फिलहाल कहानी और किरदारों को लेकर ज़्यादा खुलासा नहीं किया है। खास बात यह है कि सोनू मिश्रा के रोल को पूरी तरह सीक्रेट रखा गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनका किरदार फिल्म में अहम और चौंकाने वाला हो सकता है। फ़िल्म में दिग्गज कलाकार गोविंद नामदेव और नरेश गोस्वामी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। राजस्थान के चूरू जिले की तारानगर तहसील के बुचावास गांव के निवासी सोनू मिश्रा ने बॉलीवुड में कदम रखने से पहले राजस्थानी फिल्मों और टीवी के माध्यम से अपनी पहचान बनाई। हाल ही में वे सलमान खान की फिल्म सिकंदर में भी नज़र आए थे। मजबूत स्टारकास्ट और संवेदनशील विषय के साथ ‘काला हिरण’ एक ऐसी फिल्म बनती दिख रही है, जिस पर दर्शकों की नज़रें टिकी हुई हैं। फिल्म से जुड़ी और जानकारी जल्द सामने आने की उम्मीद है।