दादू वाणी की गूंज: तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के दूसरे दिन भजन की प्रस्तुति, संतों-ग्रामीणों ने लिया धर्म लाभ
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के जसरापुर गांव स्थित श्री जैर दादू दयाल अस्थल मंदिर में कान्हड़दास अस्थल मंदिर के महंत कान्हड़ दास के गुरु रामधनदास महाराज की पुण्यतिथि के उपलक्ष में चल रहे तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम के तहत दूसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। महंत विजय दास महाराज के सानिध्य में संतों एवं ग्रामीणों द्वारा दादू वाणी पाठ किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
मंगलवार को श्री जैर दादू दयाल अस्थल मंदिर, श्री दादू दयाल गो सेवा समिति और जसरापुर ग्रामवासियों के जनसहयोग से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दादू वाणी पाठ से हुई, जिसके बाद मंदिर परिसर में भजनों का आयोजन किया गया।
भजनों में जसरापुर के मोहनलाल मेहरिया एंड पार्टी के गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरे माहौल में भक्ति की रसधार बहती रही।
इस दौरान महंत विजय दास महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि दादू वाणी मानव जीवन को सही मार्ग दिखाने वाली अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि आज के समय में व्यक्ति भौतिकता की दौड़ में आध्यात्म से दूर होता जा रहा है, ऐसे में संतों की वाणी हमें सच्चाई, सेवा और सद्भाव का मार्ग दिखाती है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जीवन में भक्ति और मानव सेवा को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान संतों ने दादू वाणी के माध्यम से मानव जीवन में भक्ति, सद्भाव और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर महंत मोहनदास महाराज (भिवानी), महंत जसवंत दास महाराज (रेवाणा), रणसिंह दास (मेघपुर), जितेंद्र दास (भिवानी), रामावतार दास महाराज (महेंद्रगढ़), नरपल दास महाराज सहित कई संतजन मौजूद रहे। साथ ही केदार खींची, विकास सोनी, कमल नायक, भादर सिंह, प्रेम शंकर टेलर, गोपाल स्वामी, कमल केडिया, मुकेश केडिया, करण सिंह, कालू नायक, पिंकू सैनी, देशराज सिंह, फकीर दास, ताराचंद निर्वाण सहित अनेक ग्रामीणों की उपस्थिति रही।