भक्त पूर्णमल का पांच दिवसीय लक्खी मेला श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के नालपुर धाम में आयोजित बाबा पूर्णमल जी का पांच दिवसीय लक्खी मेला श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। मेले के अंतिम दिन सुबह मिट्टी छटाई की परंपरा श्रद्धा पूर्वक निभाई गई, जिसके बाद बाबा जी के दोक लगते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह बाबा जी के खुले पट दर्शन के दौरान हजारों भक्तों ने बाबा जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
पूरे मेले के दौरान कलश यात्रा, भजन-कीर्तन, विशाल जागरण, धार्मिक कार्यक्रमों एवं जलपान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों सहित दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।
गुरु गोरखनाथ जी की परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। ग्रामवासियों, भामाशाहों एवं मेला समिति के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की गईं। सुरक्षा, जलपान और श्रद्धालुओं की सेवा के विशेष प्रबंध किए गए।
मेले के सफल समापन पर आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों, सहयोगकर्ताओं एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बाबा पूर्णमल जी के आशीर्वाद से यह भव्य मेला शांति, श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस मौके पर प्रभुदयाल, विजय सिंह, रामस्वरूप, कृष्ण, अजय कुमार, योगेन्द्र, नीरज अमित, पंकज, मुरारी, सत्यपाल, पंकेश, सुमित, लोकेश, राजेश, सुरेंद्र कुमार सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like