आंधी से उखड़ कर सड़क पर गिरा संकेतक बोर्ड, बड़ा हादसा टला

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी पंचायत समिति के राजोता में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़क पर लगाया गया संकेतक बोर्ड पहली आंधी को नहीं झेल पाया। सड़क पर लगाया गया बोर्ड देर शाम को आई आंधी से उखड़ कर सड़क पर आ गिरा। इस दौरान सड़क पर कोई मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करोड़ों की लागत से बनाई जा रही सड़कों में गुणवत्ता को लेकर बड़े सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार राजोता में निजामपुर मोड़ और बसई सड़क मार्ग पर विभाग द्वारा लगाए गए बड़े साइन बोर्ड ताश के पत्तों की तरह उड़ गए। गनीमत रही कि जिस वक्त यह बोर्ड गिरे, वहां से कोई गुजर नहीं रहा था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार और विभाग की कार्यशैली पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि इन बोर्डों को लगाए अभी एक महीना भी पूरा नहीं हुआ है। 33 करोड़ के भारी-भरकम बजट वाली इस रोड परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह बोर्ड पहली ही आंधी का वेग सहन नहीं कर पाए। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार आमजन की सुविधाओं को लेकर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। महज एक महीने में बोर्ड का गिरना भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। राजोता और बसई मार्ग पर गिरे इन बोर्डों के कारण रात के समय राहगीरों को काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते इन बोर्डों को मजबूती से नहीं लगाया गया, तो आने वाले मानसून और तेज तूफानों में ये जानलेवा साबित हो सकते हैं। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि 33 करोड़ की इस सड़क परियोजना में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की निष्पक्ष जांच की जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

You might also like