साली से दुष्कर्म के आरोपी जीजा को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न) । जिले के गोकुलपुरा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी साली के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। लंबे समय तक डर और बदनामी के भय में रहने के बाद पीड़िता ने साहस जुटाते हुए गोकुलपुरा थाने में आरोपी जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका जीजा विनोद कुमार लंबे समय से उस पर गलत नजर रखता था। आरोप है कि आरोपी ने मौका पाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने युवती को धमकाया कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। भय के कारण युवती काफी समय तक चुप रही।
पीड़िता ने बाद में अपनी मां को पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन परिवार की बदनामी के डर से कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई। इसके बावजूद युवती ने हिम्मत दिखाई और न्याय के लिए आगे आते हुए गोकुलपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह के सुपरविजन में गोकुलपुरा थाना अधिकारी प्रीति बेनीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच जारी है।