31 साल बाद फिर सजेगी दोस्ती की महफिल : स्कूल भ्रमण कर ताजा करेंगे सुनहरी यादें

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 के वर्ष 1995 के कक्षा 12वीं बैच के पूर्व विद्यार्थियों का बहुप्रतीक्षित पुनर्मिलन समारोह (री-यूनियन मीट) 22 अगस्त (शनिवार) को सुबह 10 बजे दिनबंधु मैरिज पैलेस, खेतड़ी नगर में आयोजित होगा। करीब 31 वर्ष बाद एक ही मंच पर जुटने जा रहे सहपाठियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है।
आयोजन समिति के सदस्य रमेश कुमार यादव, रोहिताश खेदड़, सुरेश सैनी एवं सुनीता छिछोलिया ने बताया कि समारोह में देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों में रह रहे पूर्व छात्र भी शामिल होंगे। केरल, झारखंड, बिहार, दिल्ली, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई, कोटा, अजमेर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित कई शहरों से पूर्व विद्यार्थी इस ऐतिहासिक पुनर्मिलन में भाग लेने खेतड़ी पहुंचेंगे।
समारोह से पहले सभी पूर्व छात्र केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 का भ्रमण करेंगे। वे अपनी पुरानी कक्षाओं, खेल मैदान, प्रार्थना स्थल और स्कूल परिसर में बिताए गए छात्र जीवन के सुनहरे पलों को एक बार फिर याद करेंगे। इसके बाद री-यूनियन समारोह में सहपाठी अपने छात्र जीवन की यादें, शिक्षकों से जुड़े संस्मरण और पिछले 31 वर्षों के जीवन अनुभव एक-दूसरे के साथ साझा करेंगे। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सम्मान समारोह, समूह छायाचित्र तथा यादगार गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा।
रमेश कुमार यादव ने कहा कि 31 वर्ष बाद अपने सहपाठियों से दोबारा मिलना किसी उत्सव से कम नहीं है। यह पुनर्मिलन केवल पुराने दोस्तों से मिलने का अवसर नहीं, बल्कि उन अनमोल यादों को फिर से जीने का मौका है, जिन्होंने जीवन की मजबूत नींव रखी। उन्होंने बताया कि देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके पूर्व छात्र इस अवसर पर एक मंच पर एकत्र होंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे। समारोह को सफल बनाने के लिए पूर्व छात्र रमेश यादव, रोहिताश खेदड़ ने स्कूल की व्यवस्था देखी।

You might also like