बिस्सा मंदिर तक बाबा पूरणमल की निकाली विशाल कलश यात्रा
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के नालपुर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा पूरणमल धाम में आयोजित पांच दिवसीय मेले के तहत रविवार को भव्य एवं विशाल कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यह कलश यात्रा नालपुर गांव से प्रारंभ होकर बिस्सा स्थित बाबा पूरणमल मंदिर तक श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुई। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। वहीं, श्रद्धालुओं द्वारा हाथों में धार्मिक ध्वज (ध्वजा) लेकर यात्रा की शोभा बढ़ाई गई। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा मार्ग भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु “जय बाबा पूरणमल” के जयघोष के साथ ध्वज लहराते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। यात्रा नालपुर के मुख्य मार्गों से होते हुए बिस्सा मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश स्थापित किए गए।
मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा जलपान की व्यवस्था भी की गई। मेला समिति के अनुसार, कलश यात्रा मेले का प्रमुख आकर्षण होती है, जिसमें दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों, मेला समिति एवं युवा कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इस मौके पर राजेश, कृष्ण, मोहन, बलबीर, दुलीचंद, महेंद्र, सज्जन, विजेंद्र, घनश्याम, नीरज, पंकेश ,प्रदीप, सत्यपाल, अजय, योगेंद्र सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।