नवरात्र के शुभारंभ पर कल निकलेगी भव्य कलश यात्रा
निसं
जाखल (नवयत्न)। जाखल गांव में नवरात्र के शुभारंभ पर रविवार को मां दुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। कलश यात्रा में हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। जानकारी के अनुसार कलश यात्रा रविवार सुबह 9 बजे हनुमानगढ़ी बालाजी मंदिर से रवाना होगी। यात्रा गांव के मुख्य बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। वहीं पुरुष श्रद्धालु भी धार्मिक उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेंगे। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कलश यात्रा को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं। कलश यात्रा के मुख्य बाजार पहुंचने के बाद सुबह करीब सवा 10 बजे मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इसके बाद विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर नवरात्र के धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा। आगामी नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना, पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मां दुर्गा सेवा समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। नवरात्र के अवसर पर गांव में भक्तिमय वातावरण रहेगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समिति की ओर से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कलश यात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।