भक्ति, सेवा और संवेदना का अद्भुत संगम: किन्नर समाज ने सजाया भव्य काली माता जागरण
निसं
सिंघाना (नवयत्न)। कस्बे में किन्नर समाज द्वारा भव्य काली माता जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें एक से बढ़कर एक भजनों और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर झुंझुनूं और नीमकाथाना क्षेत्र के गोरक्षकों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सनम बाई किन्नर के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में सनम बाई ने कहा कि यह जागरण जजमानों की खुशहाली और समृद्धि के लिए आयोजित किया गया है।
संबोधन के दौरान वे भावुक हो गईं और कहा, “आप सभी मेरा परिवार हैं, अब मेरा और कोई नहीं है।” उन्होंने समाजसेवा का संदेश देते हुए घोषणा की कि जिन गरीब कन्याओं के भाई नहीं हैं या जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं, उनके विवाह में वे भात भरने के साथ हर संभव सहयोग करेंगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए माता का गुणगान करते नजर आए और पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया।