गांधी-शास्त्री जयंती पर शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश
हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन की ओर से सेवा सप्ताह के तहत शुक्रवार को विश्व शांति रैली निकाली गई। रैली शहीद स्मारक से कर्नल जेपी जानू स्कूल तक निकाली गई। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग द्वारा नगर परिषद उपसभापति वीरेंद्र डारा एवं पार्षद प्रमोद जानू के सानिध्य में हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल एवं डिफेंस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में शांति एवं सद्भाव का संदेश देती तख्तियां लेकर तथा विभिन्न नारों के माध्यम से विश्व शांति, भाईचारे, सद्भाव एवं मानवता का संदेश दिया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लायन डॉ. मुकेश एस. मूंड ने जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग को क्लब की ओर से सेवा सप्ताह के तहत आयोजित की जा रही तथा आगामी सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। जिला कलेक्टर ने क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किया जाना सराहनीय है। क्लब अध्यक्ष डॉ. मूंड ने कहा कि विश्व शांति केवल संदेश नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। समाज में शांति, सद्भाव, भाईचारे एवं मानवता की भावना को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। रैली के संयोजक लायन डॉ. गुलझारी लाल कालेर ने रैली को सफल बनाने में सहयोग देने वाले दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों, विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ तथा उपस्थित लायन साथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्लब कोषाध्यक्ष लायन राम अवतार सिंह रेपसवाल, लायन रणधीर सिंह डूडी, लायन रणवीर सिंह गोदारा, लायन ओमप्रकाश मूंड, लायन सुमेर सिंह कुलहरी, लायन रविन्द्र सिंह कृष्णिया, लायन रघुवीर सिंह धत्तरवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्रों पर क्लब सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके सत्य, अहिंसा, शांति एवं राष्ट्रसेवा के विचारों को स्मरण किया गया।
आज दिव्यांग सहायता कार्यक्रम
लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन की ओर से सेवा सप्ताह के तहत शनिवार को आशा का झरना में दिव्यांग सहायता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बच्चों को फल, खाद्य सामग्री एवं आवश्यक सहायता सामग्री वितरित की जाएगी। कार्यक्रम के संयोजक लायन रणवीर सिंह गोदारा होंगे।