सेवानिवृत्त कर्नल ने छात्रावास के विद्यार्थियों के लिए दो गीजर देने की घोषणा की
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। राजकीय अंबेडकर छात्रावास, लाडनूं में निवासरत विद्यार्थियों को सर्दी के मौसम में राहत देने के लिए सेवानिवृत्त भारतीय सेना के कर्नल भंवर सिंह राठौड़ ने 35-35 लीटर क्षमता के दो गीजर भेंट करने की घोषणा की है। उनकी इस पहल पर छात्रावास अधीक्षक आशु सिंह शेखावत ने पत्र लिखकर आभार व्यक्त किया। अधीक्षक ने कहा कि कर्नल राठौड़ ने सेना में रहते हुए राष्ट्रसेवा और देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया तथा सेवानिवृत्ति के बाद भी समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायी है। जरूरतमंद विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया यह सहयोग उनकी संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों का परिचायक है। इससे विद्यार्थियों को सर्दी में गर्म पानी की सुविधा मिलेगी। छात्रावास परिवार की ओर से कर्नल राठौड़ का अभिनंदन करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।