पानी पीने का झांसा दे बदमाश ने उड़ाई बुजुर्ग महिला की चेन

डी के सैनी

जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । शिप्रापथ थाना इलाके में एक शातिर बदमाश ने बुजुर्ग महिला से विनम्र भाव से पीने का पानी मांगा और मौका मिलते ही बुजुर्ग महिला के गले पर झपटा मार सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। 90 वर्षीय महिला मदद के लिए किसी को पुकारती इससे पहले शातिर बदमाश आंखों से ओझल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता के बेटे की शिकायत पर अज्ञात चेन स्नेचर के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मानसरोवर निवासी हरेश कुमार अग्निहोत्री ने मामला दर्ज कराया है कि उसकी 90 वर्षीय मां गंगा देवी घर पर अकेली थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर के सामने पहुंचा और गंगा देवी से विनम्र भाव से पीने का पानी मांगा। गंगादेवी जैसे ही पानी लेकर घर से बाहर आई , शातिर बदमाश गले पर झपटा मार चेन तोड़कर फरार हो गया। बुजुर्ग महिला ने आरोपी को पकड़ने के लिए शोर मचाया। लेकिन कोई मदद के लिए आता इससे पहले शातिर बदमाश कार में बैठकर फरार हो गया। पुलिसने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।

You might also like