माँ करणी के जयकारों से गूंजा आबड़सर, 105 श्रद्धालुओं का जत्था देशनोक रवाना
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । श्री करणी नवयुवक मंडल संघ, आबड़सर के नेतृत्व में बुधवार को प्रात: सवा 7बजे 15वीं देशनोक पैदल यात्रा का भव्य शुभारंभ हुआ। माँ करणी के जयकारों और डीजे पर भजनों की धुन के बीच करीब 105 श्रद्धालुओं का पैदल संघ देशनोक धाम के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और भक्तिभाव देखने को मिला। यात्रा प्रारंभ होने से पहले श्रद्धालुओं ने माँ करणी का स्मरण कर मंगल कामना की। इसके बाद हाथों में धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालु जय माँ करणी के जयघोष करते हुए देशनोक की ओर आगे बढ़े। संघ की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में रहने, भोजन, पानी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के लिए संघ के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। श्री करणी नवयुवक मंडल संघ का यह जत्था 18 अक्टूबर को सप्तमी के पावन अवसर पर माँ करणी के जन्मोत्सव के दिन देशनोक धाम पहुंचेगा। यहां श्रद्धालु माँ करणी के दरबार में हाजिरी लगाकर दर्शन करेंगे तथा परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए माँ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर गजराज सिंह, रोहिताश सिंह, रघुवीर सिंह, रविंद्र सिंह, पंकज शर्मा, सरदीप सिंह, सुभाष सेन, महिपाल सिंह, भवानी सिंह, रोबिन सिंह, विजेंद्र सिंह, राजेश प्रजापत, हड़मान सिंह, संजय सिंह शेखावत, रूपेश सिंह, अर्जुन सिंह एवं नारायण सुथार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा में शामिल हैं।