एकेडमी स्कूल निदेशक युवती से बलात्कार के प्रयास व छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार, वाट्सअप पर भेजता था खुद के अश्लील विडियो

चौमूं,(बी एस शेखावत)31 मई। पुलिस ने एक स्कूल निदेशक को युवती से बलात्कार के प्रयास व छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम कावेंद्र सिंह सागर के मुताबिक 28 मई को पीड़िता युवती ने आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक पीड़िता का भांजा क्यूरियस किड्स सी.सै. स्कूल चौमू में पढ़ता है। स्कूल में हुई मुलाकात के दौरान स्कूल के निदेशक आरोपी मृत्युंजय आत्रेय ने युवती के मोबाइल नंबर लिए थे। बाद में आरोपी पीडि़ता को व्हाट्सएप पर मैसेज और कॉल करने लगा। अपने मोबाइल नंबर से उसे वीडियो कॉल करता और अश्लील मैसेज भेजने लगा। गलत इशारे करता।

विरोध करने पर एक दिन आरोपी ने पीड़िता को जरूरी बात का बहाना बनाकर स्कूल में बुलाया और बलात्कार करने का प्रयास किया। आरोपी पीड़िता पर अवैध शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। रात को बार-बार कॉल कर परेशान करता। परेशान होकर पीड़िता कॉल रिसीव करती तो अश्लील बातें करता। वीडियो कॉल करके डा. मुकेश शर्मा को दिखाता है और कपड़े उतारने के लिए दबाव बनाता।

आरोपी मृत्युंजय पीड़िता को अश्लील फोटो-वीडियो व खुद के अश्लील वीडियो भेजता। खुद को 100 करोड़ रुपए का मालिक बताते हुए अवैध संबंध बनाने से मना करने पर उठाकर ले जाने व समाज में बदनाम करने की धमकी देता था।

चार महीने से चल रही इन हरकतों से परेशान पीड़िता ने आरोपी को समझाया तो आरोपी ने धमकियां दी और भांजे को फेल करने की धमकी दी। पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई व समाज में बदनामी के डर से ये बात किसी को बताई नहीं। पीड़िता ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही तो आरोपी मृत्युंजय आत्रेय व सीमा पालावत ने उसे सब कुछ भूल जाने को कहा।

पीड़िता के परिजनों को दे रहे धमकी
आरोपी ने एफआईआर नहीं करवाने के लिए डरकाया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। बाद में 24 से 27 मई तक मृत्युंजय आत्रेय व सीमा पालावत के कई लोग पीड़िता व उसके परिजनों पर दबाव बनाया। परिजनों को पीडि़ता का अपहरण करने की धमकियां दी गई।

पीड़िता ने पेश किए अश्लील चैटिंग के स्क्रीन शॉट
पीड़िता ने एफआईआर के साथ आरोपी की ओर से किए गए अश्लील वाट्सएप चैटिंग व वीडियो कॉल के स्क्रीन शॉट पेश किए। चौमूं पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

पीड़िता व परिजनों के न्यायालय में बयान दर्ज
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच के तहत न्यायालय में पीड़िता के बयान करवाए गए हैं। आरोपी मृत्युंजय आत्रेय उम्र 40 निवासी गांव मोरीजा थाना सामोद जिला जयपुर ग्रामीण हाल निदेशक क्यूरियस किड्स सीनियर सैकंडरी स्कूल चौमूं जिला जयपुर के विरुद्ध अपराध साबित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपी से प्रकरण व अन्य कथित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

You might also like