न्यायिक विवाद छिपाकर विवादित कृषि भूमि को बेचने का आरोप

सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । विवादित कृषि भूमि के संबंध में लंबित न्यायिक प्रकरण की जानकारी छिपाकर कथित रूप से विभिन्न व्यक्तियों के पक्ष में विक्रय विलेख निष्पादित करवाने, न्यायालय एवं संबंधित लोकसेवकों के समक्ष गलत तथ्य प्रस्तुत करने तथा धोखाधड़ी एवं षड्यंत्र के आरोपों को लेकर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर तारानगर हाल सरदारशहर निवासी परिवादी रमेश कुमार शर्मा की शिकायत पर मंजुल शर्मा पुत्र मोहन लाल, भंवरलाल पुत्र शंकरलाल माली, संजय कुमार पुत्र मोहनलाल, जेयश पुत्र अंजनी सगतानी, अजय पुत्र माईधन जाट, सुजित पुत्र गुगन सिंह जाट, दयानन्द पुत्र गुगन सिंह जाट, पूनम पुत्री विजय कुमार, जितेन्द्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश कंदोई, रामावतार सैनी पुत्र शंकरलाल सैनी, सुभाषचंद्र, विजेन्द्र भास्कर पुत्र चन्द्राराम, विजय कंदोई पुत्र लक्ष्मीनारायण, अजीत पुत्र रामचंद्र माली, राकेश पुत्र भंवरलाल जाट, शिवपत पुत्र चंपाराम सहारण प्रकाश चन्द्र पुत्र साजनराम टीटाण व डिडराईटर दीपक के खिलाफ जुर्म धारा 318(4), 316(2), 336(3), 336(4), 340(2), 61(2) में पुलिस थाने ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।
परिवादी के अनुसार उसके पिता स्वर्गीय मोहनलाल के नाम दर्ज कृषि भूमि, खसरा संख्या 156 तादादी 9.6102 हैक्टेयर रोही मौजा तारानगर, के स्वामित्व एवं हिस्सेदारी को लेकर न्यायालय में विवाद लंबित है। परिवादी का आरोप है कि उक्त विवाद की जानकारी होने के बावजूद आरोपियों ने भूमि को विवादरहित बताते हुए विभिन्न दस्तावेज तैयार करवाए तथा अलग-अलग तिथियों में विक्रय विलेख निष्पादित करवाए।
परिवादी का यह भी आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों ने लंबित न्यायिक कार्यवाही एवं न्यायालय द्वारा पारित आदेशों की जानकारी छिपाकर दस्तावेजों में ऐसे तथ्य प्रस्तुत किए, जिससे भूमि के संबंध में वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ सके। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों ने इन दस्तावेजों में गवाह के रूप में भी भूमिका निभाई। परिवादी ने आरोप लगाया कि उक्त कृत्यों के माध्यम से उसके वैधानिक हिस्से एवं अधिकारों को प्रभावित करने तथा विवादित भूमि पर अपना अधिकार स्थापित करने का प्रयास किया गया। परिवादी की शिकायत के आधार पर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है।

You might also like