रेप व पोक्सो एक्ट का 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एरिया डोमिनेशन’ के तहत जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के मामले में छह माह से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश पर भगोड़ों, स्थायी वारंटियों और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल एवं एसीपी सुरेंद्र सिंह राणावत के सुपरविजन तथा थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित टीम ने मार्च 2026 में दर्ज दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी किशन मीणा उर्फ केशव (21) निवासी बधाल (रेनवाल) एवं हाल पुरुषार्थ नगर, जगतपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले छह माह से गिरफ्तारी से बच रहा था और उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। कार्रवाई में उपनिरीक्षक हरीओम सिंह, कांस्टेबल गंगाधर, राजूराम तथा साइबर सेल के कांस्टेबल नत्थूराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

You might also like