बीएड कॉलेज के निदेशक, व्याख्याता और अध्यापक रिश्वत लेते गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी ने बांसवाड़ा के बड़ोदिया स्थित ग्लोबल बीएड कॉलेज में रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए कॉलेज के निदेशक, राजनीति विज्ञान की व्याख्याता और रसायन विज्ञान के अध्यापक को गिरफ्तार किया है। अध्यापक भूपेन्द्र जैन को शुक्रवार को सहपरिवादी से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। वहीं रिश्वत मांग के सत्यापन में मुख्य भूमिका सामने आने पर कॉलेज निदेशक सिद्धांत जैन और व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया। एसीबी पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि बांसवाड़ा इकाई को शिकायत मिली थी कि कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों से उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरे वर्ष सहयोग करने और इंटर्नशिप के कार्यमुक्ति पत्र जारी करने की एवज में रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान निदेशक सिद्धांत जैन, राजनीति विज्ञान की व्याख्याता सुनीता जैन और रसायन विज्ञान के अध्यापक भूपेन्द्र जैन द्वारा प्रत्येक विद्यार्थी से 20 हजार रुपए की रिश्वत मांगने और राशि लेने पर सहमति जताने की पुष्टि हुई। जिस पर एसीबी बांसवाड़ा इकाई के पुलिस उप अधीक्षक रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रेप कार्रवाई की गई। इस दौरान अध्यापक भूपेन्द्र जैन को सहपरिवादी से 5 हजार रुपए की रिश्वत राशि अपने हाथों से लेते हुए गिरफ्तार किया गया। रिश्वत मांग के सत्यापन में भूमिका सामने आने पर निदेशक सिद्धांत जैन और व्याख्याता सुनीता जैन को भी गिरफ्तार किया गया।