योग अपनाएं, निरोग रहने का दिया संदेश
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । नामदेव निःशुल्क योग क्लास, श्री श्याम वाटिका में रविवार, 9 अगस्त को विशेष योगाभ्यास एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरदारशहर वृत्त निरीक्षक एवं थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत तथा प्रसिद्ध भामाशाह एवं समाजसेवी प्रह्लादराय सर्राफ और उनकी धर्मपत्नी ललिता सर्राफ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत योग गुरु मोहनलाल शर्मा ने योगाभ्यास करवाकर की। उन्होंने योग के महत्व तथा इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योग को स्वस्थ, निरोग एवं तनावमुक्त जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया। इसके बाद योग शिक्षक संतकुमार कौशिक ने प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार के मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया। योग साधकों ने उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।
थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत का अभिनंदन
समारोह में थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत का तिलकार्चन, रक्षा सूत्र बांधकर, माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। योग साधकों ने उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यों एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
इसी क्रम में भामाशाह एवं समाजसेवी प्रह्लादराय सर्राफ एवं ललिता सर्राफ का भी तिलकार्चन, रक्षा सूत्र, माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित साधकों ने सर्राफ दंपती द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं परोपकारी कार्यों की प्रशंसा की।
योग क्लास की गतिविधियों की दी जानकारी
कार्यक्रम संयोजक पवन कुमार भोजक ने नामदेव निःशुल्क योग क्लास की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों एवं विभिन्न योग गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग क्लास में नियमित रूप से बड़ी संख्या में साधक योगाभ्यास कर रहे हैं और आमजन को स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
समापन अवसर पर थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी है। योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक तनाव कम करने में भी सहायक है। उन्होंने सभी साधकों से नियमित योग करने तथा अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
भामाशाह प्रह्लादराय सर्राफ ने योग क्लास के योग शिक्षकों, पदाधिकारियों एवं साधकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी सांवर सोनी, राजीव भोजक, संदीप कंदोई, सीताराम सुथार, सुरेश भोजक, नथमल वर्मा, श्याम सुंदर वर्मा, ओमप्रकाश सुथार, हड़मान, कन्हैया लाल, हरिप्रसाद प्रजापत, संतलाल बड़सर, भरत स्वामी, गोपाल भिवानिया, बुलाकी शर्मा, संत कुमार कौशिक, रामदेव सोनी, राजाराम एवं आर्यन शर्मा सहित अनेक पुरुष योग साधक उपस्थित रहे।
महिला योग साधकों में पारुल राजपुरोहित, मेघा, गुंजन, रोशनी, कविता जैन, अनिता भोजक, मीनू शर्मा, विद्या देवी, सुनीता सैन, सुलोचना वर्मा, बबीता रोहिल्ला, नव्या भोजक, प्रेरणा, सोनू शर्मा, शशि शर्मा, कविता अग्रवाल एवं पूर्णिमा सिंधी सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामाजिक सेवा का संदेश प्रमुखता से दिया गया। समारोह का उद्देश्य आमजन को “योग अपनाएं, निरोग रहें” का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।