जसवंतगढ़ में मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। ग्राम पंचायत जसवंतगढ़ के वार्ड संख्या 20 में मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जाकिर हुसैन पुत्र कादर खां ने एसडीएम ममता लहुआ से शिकायत की है। उन्होंने बीएलओ योगेश कुमार पर राजनीतिक द्वेष के चलते मतदाताओं के नाम वार्ड बदलकर दर्ज करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वार्ड संख्या 19 में निवास करने वाले कई मतदाताओं के नाम वार्ड संख्या 20 में जोड़ दिए गए हैं, जबकि उनके मकान और स्थायी निवास वार्ड संख्या 19 में ही हैं। उन्होंने वार्ड परिसीमन में भी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मतदाता सूची का वास्तविक निवास के आधार पर पुन: सर्वे करवाने की मांग की है। जाकिर हुसैन ने संबंधित अधिकारियों से मतदाताओं के नाम उनके मूल वार्ड में दर्ज करवाने, बीएलओ को हटाने तथा मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।