राजकीय स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन

खेतड़ी (दैनिक नवयत्न )। पपुरना के पीएमश्री शहीद भगवान सिंह राजकीय स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर, विशिष्ट अतिथि संजय देव गुर्जर, एसीबीईओ अशोक कुमार थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान राजेश धाबाई ने की। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती मूर्ति के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं सरकारी स्कूलों से ही निखर कर आती है, सिर्फ उन्हें तराशने की आवश्यकता है। बच्चों का भविष्य बनाने को लेकर शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में बच्चों को संस्कारवान शिक्षा देकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करना चाहिए। शिक्षा का विस्तार करने में प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्य मानते हुए ईमानदारी से काम करना चाहिए। शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है, जिससे भारत जगतगुरु कहलाया जाता है। वर्तमान युग प्रतिस्पर्धा का युग है। इस युग में कठिन मेहनत करने वाले ही सफलता को हासिल कर पाते हैं।इस दौरान विधायक ने विद्यालय में विज्ञान विषय संकाय खुलवाने, अतिरिक्त कक्षा कक्ष के निर्माण और खेल मैदान के विकास की घोषणा की। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में वार्षिक पारितोषिक वितरण किया गए। इस अवसर पर अशोक जांगिड़, भूपसिंह,
आरपी वीरेंद्र अवाना, प्रभु राजोता, रोहिताश मनकस, सरजीत कुमार, अमित चंद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

You might also like