जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का किया सम्मान

निसं
पलसाना (नवयत्न)। सरस्वती विद्यापीठ शिक्षण संस्थान पलसाना में सोमवार को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के डायरेक्टर रिछपाल सिंह रूलानिया ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रिंसिपल राजेश गोदारा एवं सरस्वती बीएड कॉलेज की प्राचार्य सुमन सामोता मौजूद रहे। समारोह के दौरान अतिथियों ने खो-खो, वॉलीबॉल, शतरंज एवं निशानेबाजी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डायरेक्टर रिछपाल सिंह रूलानिया ने कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। खिलाड़ियों ने कम समय में जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करते हैं। मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ी आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन कर सकते हैं। शारीरिक शिक्षक दिलीप सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी जोश और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के अंत में विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने सम्मानित खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

You might also like