वार्ड 30 में पेयजल समस्या को लेकर पार्षद ने सौंपा ज्ञापन
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। शहर के वार्ड नंबर 30 में लंबे समय से चल रही पेयजल समस्या को लेकर पार्षद रेखा देवी भोजक के नेतृत्व में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की गई। ज्ञापन में पार्षद रेखा भोजक ने बताया कि वार्ड में काफी समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। घरों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाते हुए वार्ड में तीन स्थानों पर नई पाइपलाइन डालने की मांग की।
पार्षद प्रतिनिधि राधेश्याम भोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता धीरेन्द्र सैनी ने बताया कि नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि आशापूर्ण बालाजी मंदिर से शिव भगवान प्रजापत के घर तक, बोहरा भवन से श्यामजी माली के घर तक तथा नानूजी जाट के घर से भरत भोजक के घर तक पाइपलाइन डालने की आवश्यकता है। पार्षद रेखा देवी भोजक ने विभाग से उक्त स्थानों पर पाइपलाइन का कार्य जल्द शुरू करवाकर वार्डवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछने से वार्ड में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। मांग पूरी नहीं हों पर वार्डवासियों ने आन्दोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान बबीता भोजक, प्रेम भोजक, बेबी शर्मा, सत्यनारायण सैनी, सांवरमल सैनी, राम भोजक, राहुल कम्मा, बबलू भोजक सहित वार्ड के लोग मौजूद रहे।