चाकू से हमला करने का प्रयास, बचाव के दौरान आंख के नीचे लगी चोट

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न) ।  नगरपालिका चुनाव के दौरान मतदान केंद्र के पास मारपीट और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गोपीराम पुत्र भंवरलाल, निवासी कुम्हारा चौक, नोखा ने पुलिस थाने में रिपोर्ट देकर मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार गोपीराम वार्ड नंबर 9 के मतदान केंद्र सुथार समाज भवन में चुनाव देखने के लिए गया था। इसी दौरान सुखराम भादू, जगदीश ढाका, गंगाराम भादू, सुरेश ढाका, श्रवण भादू, हनुमान पुत्र पोखरराम जाट, सावतराम हुडी सहित 5-6 अन्य लोगों ने उसे कथित रूप से घेर लिया। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। बचाव के दौरान उसकी आंख की भौंह के नीचे चोट लग गई, जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने कथित रूप से एकराय होकर उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान गंगाराम भादू ने परिवादी के गले में पहनी सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद परिवादी ने पुलिस थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दी। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित पक्षों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी।

You might also like