बालाजी इलेवन ने जीता स्नेह मिलन नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय एन.के. लोहिया स्टेडियम में आयोजित स्नेह मिलन रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट (सीजन 7) का समापन रविवार रात्रि को हुआ। खिताबी मुकाबले में बालाजी इलेवन ने भवानी इलेवन को हराकर सीजन 7 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मैच के हीरो बालाजी इलेवन के कप्तान मुकेश जाट रहे, जिन्होंने अपनी आतिशी पारी से दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल मुकाबले की विजेता टीम को ट्रॉफी और एक लाख रूपये नगद तथा उप विजेता टीम को इक्यावन हजार रूपये, ट्रॉफी प्रदान की गई। मैन ऑफ द सीरिज रहे रफीक खान लाडनू को ट्रॉफी और कश्मीर ट्यूर प्रदान किया गया।
इससे पहले फाइनल मुकाबले की शुरूआत में भवानी इलेवन के कप्तान भवानी बन्ना ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बालाजी इलेवन की टीम ने निर्धारित ओवरों में 145 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। टीम के कप्तान मुकेश जाट ने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए मात्र 12 गेंदों में 47 रन बनाये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भवानी इलेवन की टीम दबाव नहीं झेल सकी और पूरी टीम 99 रनों पर ही सिमट गई।
टूर्नामेंट के समापन पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाडियों को पुरस्कृत किया गया। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच बालाजी इलेवन के कप्तान मुकेश जाट, मैन ऑफ द सीरिज रफीक खान लाडनूं, बेस्ट बैट्समैन राहुल चौधरी तथा बेस्ट बॉलर केशव रहे। प्रतियोगिता के समापन समारोह में कांग्रेस नेता मोहम्मद इदरीश गौरी, भामाशाह पवन सोनी, आसिफ खान, किशन लाल, सुनील जैन सड़ूवाला, अरविंद सोनी, विशाल चौधरी, जब्बार भुट्टा, इमदाद खान, सिकंदर खान, मुख्तियार खीची शामिल हुए। कार्यक्रम में आबिद खान, अख्तर, महेंद्र आर्य, नफीस राईन और जावेद गोरी का भी विशेष सहयोग रहा। टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष शाहिद खान, राजा खान, आवेश राव, विक्की चौहान, जावेद भाटी, आसिफ खान, अकरम गौरी, आजाद भायो, रिजवान अगवान, सुशील गुर्जर, जब्बार खीची सहित समिति के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। देर रात तक चले इस टूर्नामेंट के फाइनल को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

You might also like