बाजार खोलने को लेकर व्यापारियों व प्रशासनिक अधिकारियों की हुई बैठक
बैठक में नहीं हुआ किसी प्रकार का निर्णय
सुजानगढ़,(अमित प्रजापत)19 मई। राज्य सरकार द्वारा लॉक डाउन-4 के लिए जारी की गयी गाइडलाइन के बाद बाजार खोलने को लेकर मंगलवार को व्यापारियों व प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बेनतीजा रही। कृषि उपज मण्डी में हुई बैठक में उपखण्ड अधिकारी धर्मराज गुर्जर व थानाधिकारी मनोज कुमार के समक्ष व्यापारियों ने बाजार खोलने को लेकर अपना पक्ष रखा। लेकिन बैठक में व्यापारियों की बाजार खोलने के लिए किसी प्रकार की सहमती नहीं बन पाने से बैठक बेनतीजा रही।
बैठक में चैम्बर ऑफ कामर्स के प्रेमप्रकाश तूनवाल ने शहर के बाजार में स्थित कटलों की दुकानें भी खोलने की मांग उठाई। जिस पर सीआई मनोज भाटीवाड़ ने कहा कि सरकार की गाइडलाइन में ये दुकानें खोलनें की स्वीकृति नहीं है। लेकिन कुछ व्यापारी कटलों की दुकानें खोलने की बात पर डटे रहे। बैठक में कुछ व्यापारी आपस में भी उलझते रहे। डेढ घंटे चली बैठक में बाजार खोलने तक व्यापारियों में किसी प्रकार की सहमती नहीं बनी। बैठक में उपसभापति बाबूलाल कुलदीप ने छोटे व्यापारियों का ध्यान रखते हुए कटलों की दुकानें भी खोलने की बात रखी।
इस अवसर पर सुजानगढ़ व्यापार मंडल के प्रदीप तोदी, किराणा मर्चेन्ट एसोसिएशन के पवन माहेश्वरी, खुशीराम चांदरा, अब्दुल शबूर बहलीम, अजय चौरडिया, दिनेश तंवर, संपत पथानियां, राजकुमार पारीक, महावीर पाटनी, विनोद टेलर सहित बाजार के व्यापारीगण मौजूद थे।