पीएमश्री विद्यालय के विद्यार्थियों का भामाशाह ने किया आर्थिक सहयोग

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीमाधोपुर के प्रतिभावान विद्यार्थी विकास सैनी एवं हेमंत सैनी को सीकर में आईआईटी-जेईई की तैयारी हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। राम प्रताप अंजना देवी दयाल हेल्प ट्रस्ट, डॉ. सांवरमल अग्रवाल एवं लिया अग्रवाल (कनाडा) द्वारा दोनों विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की सहायता राशि दी गई। साथ ही रोटरी क्लब श्रीमाधोपुर सनराइज द्वारा प्रत्येक छात्र को 11-11 हजार रुपए का सहयोग प्रदान किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मधु चौधरी ने बताया कि विकास सैनी ने 12वीं गणित वर्ग में 97.20 प्रतिशत तथा हेमंत सैनी ने 12 वीं गणित में 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। विद्यालय ने इस सत्र की उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 19 विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत से अधिक अंक दिलाकर नया इतिहास रचा है। विद्यालय परिवार के सतत प्रयास, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की मेहनत के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि संभव हो पाई है। दोनों ही विद्यार्थीयों के अभिभावक आईआईटी की तैयारी करवाने लिए आर्थिक रूप से सक्षम नहीं थे। इस आर्थिक सहायता से विद्यार्थी बेहतर ढंग से आईआईटी-जेईई की तैयारी कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकेंगे। डॉ. मधु चौधरी ने बताया कि भविष्य में भी यदि कोई प्रतिभावान विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता है तो विद्यालय परिवार उसकी हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगा। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा डॉ. मधु चौधरी एवं विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

You might also like