बाइक ओर गाड़ी की हुई भिड़ंत
खेतड़ी (दैनिक नवयत्न ) । थाना क्षेत्र के खरखड़ा के पास शनिवार दोपहर को बाइक व गाड़ी की भिड़ंत हो गई। इस दौरान हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए झुंझुनूं रैफर किया गया है। परिवहन निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि वह विभाग की बैठक में भाग लेने के लिए सीकर जा रहे थे। इस दौरान जब खरखड़ा के पास पंहुचे तो एक बाइक सवार किसी अज्ञात गाड़ी की टक्कर लगने से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। इस दौरान उन्होंने सड़क पर घायल बाइक सवार को देखकर मानवता के नाते उन्होंने अपनी गाड़ी में घायल को बैठाया तथा खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में पहुंचाया। इस दौरान डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर उसे झुंझुनूं रैफर कर दिया। घटना की सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान उसकी बाइक के नंबर से जानकारी जुटाई तो उसकी पहचान दनचौली नारनौल निवासी आशीष पुत्र पवन योगी के रूप में हुई। इस दौरान घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि खरखड़ा रोड़ पर पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद भी पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा हादसों को रोकने के लिए खतरनाक मोड़ पर संकेतक बोर्ड नहीं लगाए जा रहे हैं। एचसी सुगन सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर खेतड़ीनगर पुलिस को मौके पर भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दी गई है। हालत गंभीर होने पर उसे उपचार के लिए झुंझुनूं भिजवाया गया है। गाड़ी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। रिपोर्ट आने पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।