बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश
निसं
जयपुर (नवयत्न) । जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑन डिमांड बाइक चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार दुर्गापुरा से स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी होने की रिपोर्ट पर सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की गई। मुखबिर की सूचना पर कुलदीप योगी (19), कप्तान जाटव (18) और एक बाल अपचारी को पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों से पांच चोरी की बाइक बरामद हुईं। आरोपियों ने खोह नागोरियान क्षेत्र से तीन और कानोता क्षेत्र से एक बाइक चोरी करना स्वीकार किया है।
जांच में सामने आया कि कप्तान जाटव गांव में बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। डिमांड मिलने पर जयपुर से बाइक चोरी करने के बाद दुकान पर उनके इंजन और चेसिस नंबर बदल दिए जाते थे। चोरी की बाइक के पार्ट्स अलग-अलग कर बेचने का काम भी किया जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने करीब 24 वाहन चोरी की वारदातें करना कबूल किया है। पुलिस अब अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है।