विश्नोई की मौत की उच्च स्तरीय जांच की मांग

बीकानेर,(देवेन्द्र स्वामी)24 मई। भारतीय जनता पार्टी शहर जिला बीकानेर ने राजगढ़ थाना अधिकारी विष्णु दत्त विश्नोई की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।

भारतीय जनता पार्टी जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक प्रजापत ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ सत्यप्रकाश आचार्य, जिला उपाध्यक्ष किशन मोदी, जिला महामंत्री पाबू दान सिंह राठौड़, मोहन सुराणा, दाऊ लाल हर्ष, भाजपा कोषाध्यक्ष शिवरतन अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण जैन, रानी बाजार मंडल अध्यक्ष नरसिंह सेवग, गोपाल अग्रवाल सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजगढ़ थाना अधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि विष्णु दत्त जैसे दबंग, इमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी का इस तरह हमें छोड़ कर चले जाना निश्चित रूप से पूरे देश के लिए अपूर्णीय क्षति है इनके आत्महत्या करने से साफ स्पष्ट होता है कि राजस्थान कांग्रेस सरकार के मुखिया अशोक गहलोत के राज में अधिकारियों को कितना प्रताडि़त किया जा रहा है और कांग्रेस सरकार अपराधों पर काबू पाने में असफल रही है ।

पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ प्रकाश आचार्य ने कहा विष्णु दत्त की मौत के कारणों की जाँच सीबीआई द्वारा की जानी चाहिए और और इतने दबंग अधिकारी को इस तरह का कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो और उन्हें सजा मिलनी चाहिए। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक बोबरवाल ने कहा कि विष्णु दत्त निश्चित रूप से किसी बड़े षड्यंत्र के शिकार हुए हैं वरना इतना दबंग आदमी इस तरह के कदम नहीं उठाते।

भाजपा के सभी पदाधिकारियों ने विश्नोई की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की एंव आत्महत्या के पीछे के कारणों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

You might also like