कोई भूखा ना सोए इसलिए 50 दिन से भाजपा जुटी है जनसेवा में

विधायक राठौड़ ने गौशालाओं में भिजवाए 51 क्विंटल तरबूज

चूरू,(पीयूष शर्मा)16 मई। लॉक डाउन के दौरान ‘कोई भूखा ना सोए’ संकल्प के साथ भाजपा की ओर से शुरू किया गया जनसेवा व गौसेवा का सिलसिला शनिवार को 50वें दिन भी जारी रहा।

इसी सिलसिले में शनिवार को उपनेता प्रतिपक्ष व विधायक राजेंद्र राठौड़ की प्रेरणा से विधायक आवास से भामाशाह भगवानदास विजयकुमार सातड़ेवाला ने 51 क्विंटल तरबूज खंडवा, जासासर की गोशालाओं में भिजवाए। तरबूज से भरे वाहन उपनेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने खंडवा के पूर्व पंस सदस्य प्रकाशचंद व जासासर के सूबेदार उम्मेदसिंह को वहां की गोशालाओं के लिए सौंपे।

प्रवासी श्रमिकों को सौंपी चरण पादुका
इस मौके पर विधायक राठौड़ ने गांव के प्रवासी श्रमिकों के लिए चरण पादुकाएं भी भेंट की। उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि हम सभी भाजपा परिवार के लोग भामाशाहों के सहयोग से गत 50 दिनों से लगातार चूरू के हर ग्राम पंचायत में जरूरतमंद लोगों व पशु पक्षियों के लिए खाद्यान का इंतजाम कर रहे हैं।

सवा करोड़ की राशि खर्च कर दे चुके राहत
उपनेता प्रतिपक्ष ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान अब तक दानदाआताओं के सहयोग से करीब सवा करोड़ रुपए की राशि खर्च कर आमजन व पशु-पक्षियों की मदद के लिए सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। विधायक कोष से भी जन सहायता के लिए राशि उपलब्ध करवाई है।

विधायक कोष से 18 मई से फिर शुरू होगा खाद्यान वितरण
उप नेता प्रतिपक्ष राठौड़ ने कहा कि चूरू में कोई भूखा ना सोए अभियान के तहत सोमवार से विधायक कोष से 25 लाख रुपए की लागत से जरूरतमंद, प्रवासीजनों के लिए खाद्यान की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

अब तक कर चुके जनसेवा के ये काम
गौरतलब है कि कोरोना संकट काल में उपनेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में लगातार भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यों में जुटे हैं। इसके तहत लहर फुटवियर कंपनी के दानदाता राजकुमार अग्रवाल, रमेशचंद्र अग्रवाल के सौजन्य से 61 सौ चरण पादुकाएं प्रवासी श्रमिकों को वितरित की गई है। लगभग एक हजार पक्षियों के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाए गए हैं। चूरू शहर सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव ढाणी-ढाणी में बेसहारा गोवंश व अन्य पशुओं के लिए तरबूज, पत्तागोभी, घीया आदि वितरित किए हैं।

राठौड़ ने जताया दानदाताओं का आभार
इस मौके पर राठौड़ ने भाजपा के सेवा प्रकल्पों के संचालन में सहयोगी बने दानदाता भगवानदास विजयकुमार सातड़ेवाला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब तक सातड़ेवाला सहित अनेक दानदाताओं के सहयोग से सेवा कार्य निरंतर जारी है।

You might also like