भाजपा की बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों पर मंथन, जनसंपर्क तेज करने पर जोर
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। सिंघाना रोड स्थित विनायक मैरिज गार्डन में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता राजपाल सिंह तंवर ने की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संतोष अहलावत रहीं। बैठक में जिला संगठन संयोजक मुकेश गोयल, निकाय प्रभारी अतर सिंह भड़ाना, सुभाष पूनिया, रोहिताश फौजदार, कृष्ण यादव, भरत बोहरा, अनिल नाडिया और राजेश रांगेय सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि संतोष अहलावत ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति निष्ठा बनाए रखते हुए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में योग्य प्रत्याशियों का चयन कर जनसंपर्क अभियान को गति दी जाए। कार्यकर्ता वार्ड स्तर पर पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, आमजन से जुड़ाव बढ़ाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा और नेतृत्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।