थानाधिकारी आत्महत्या मामला: भाजपा नेताओं सहित पूर्व विधायक न्यांगली के खिलाफ मामला दर्ज

कोरोना महामारी के चलते भीड़ एकत्रित करने पर हुआ मामला दर्ज

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)29 मई। थानाधिकारी विश्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या मामले में पुलिस ने भाजपा नेताओं सहित बसपा नेता मनोज न्यांगली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रशासन मामले को छह रोज तक दबाए रखा तथा मामला 24 मई को दर्ज हो गया था। लेकिन लगातार जानकारी मांगने के बावजूद मीडिया से दूर रखा।

इस संबंध में एएसपी भरतराज ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के चलते या फिर घटना के बाद काम की व्यस्तता के कारण सूचना नहीं दी गई होगी। विश्नोई की ओर से अपने आवास पर आत्महत्या कर लेने के कारण 24 मई को एसआई सरदारसिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचना देने पर पुलिस थाने पर तैनात मुलाजमान बजरंगलाल, दिलीप सिंह, राजेन्द्र कुमार, संजय कुमार, मुकेश कुमार, सुरेश, कुलदीप, सुबेसिंह, अजय कुमार आदि थाना स्टॉफ थाना पर उपस्थित था एवं मृतक थानाधिकारी के परिजनों का इंतजार किया जा रहा था। समस्त थाना एवं पुलिस विभाग शोकाकुल स्थिति में था।

इस दौरान शाम पांच बजे लगातार पुलिस थाने के दरवाजे के सामने राजेन्द्र राठौड़ विधायक भाजपा चूरू, मनोज न्यांगली पूर्व विधायक बसपा, हरलाल सहारण पूर्व जिला प्रमुख चूरू, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन जगदीश बैरासरिया, वासुदेव चावला पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा चूरू, सहीराम विश्नोई पूर्व जिला प्रमुख चूरू, प्रवीण सरदारपुरा अपने 150-200 साथियों के साथ जिनमें काफी लोग बिना मास्क पहने एवं सोशल डिस्टेंसिंग पालन किए बिना एक भीड़ के रूप में एकत्रित होकर के थानाधिकारी विष्णुदत्त की आत्महत्या करने की न्यायिक जांच करवाने तो कभी सीबीआई से जांच करवाने के नारे लगाते हुए थाने के गेट तक आ गए।

इस समय कोविड-19 महामारी का प्रकोप चल रहा है तथा वैश्विक महामारी व राष्ट्रीय आपदा घोषित की गई है। बिना मास्क पहने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बिना एकत्रित होने से कोरोना जैसे भयंकर रोग के संक्रमण फैलने एवं मानव जीवन के लिए संकट उत्पन्न किया है। पुलिस प्रशासन ने उनको भीड़ को हटाने बाबत समझाया। लेकिन यह अपना कृत्य लगातार करते रहे। पुलिस ने धारा 4/5 राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 धारा 51 तथा राजस्थान आपदा प्रबंधन अधिनियम व धारा 269 व 270 के तहत दंडनीय अपराध पाया गया है। जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

इनके खिलाफ नहीं हुआ मामला दर्ज
घटना के बाद लगातार चल रहे धरने स्थल पर भाजपा नेता रामसिंह कस्वा, कुलदीप पूनिया एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद ही नहीं थे बल्कि घटना के दिन धरना भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुरू किया था तथा पूरी रात्रि धरना स्थल पर सांसद राहुल कस्वा तथा जिला परिषद् कुलदीप पूनिया व अन्य कार्यकर्ता भी धरने पर बैठे थे। लेकिन इनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ। इस संबंध में जिला परिषद् कुलदीप पूनिया ने बताया कि घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है।

You might also like