नगरपालिका चुनाव परिणाम में भाजपा ने मारी बाजी
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। तारानगर नगरपालिका चुनाव परिणाम में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है जिस कारण नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनना लगभग तय है। तारानगर नगरपालिका के कुल 35 वार्डों के लिए 11 सितंबर को द्वितीय चरण के तहत हुए चुनाव में कुल 97 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जिनमें भाजपा के 31, कांग्रेस के 34 व 32 अन्य थे। चुनाव परिणाम में भाजपा के 18, कांग्रेस के 12 व निर्दलीय के 5 प्रत्याशी जीते हैं। चुनाव परिणाम में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने पर नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बैठना तय है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ को ढहाकर तारानगर में भाजपा का परचम लहराया है। चुनाव परिणाम में सबसे बड़ी जीत वार्ड 2 में भाजपा प्रत्याशी राकेश जांगिड़ को मिली उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सांवरमल छाबड़ा को 689 वोटो से हराया। वहीं चुनाव में सबसे छोटी व रोमांचक जीत वार्ड 18 में भाजपा प्रत्याशी सुमन सैनी की हुई उन्होंने कड़े मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी सरोज देवी को 9 मतों के करीबी अंतर से हराकर अपनी जीत दर्ज की। सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने से पहले ही पार्टी प्रत्याशियों के समर्थकों व लोगों की भीड़ महाविद्यालय के आगे जमा हो गई लोग अपने-अपने प्रत्याशी की जीत के कयास लगाते हुए नारेबाजी करते हुए महाविद्यालय के आगे डटे रहे। जैसे-जैसे चुनाव परिणाम के रुझान आते रहे वैसे-वैसे प्रत्याशी समर्थकों, कार्यकर्ताओं व लोगों में उत्साह बढ़ता रहा। जैसे ही अपने प्रत्याशी की जीत की सूचना मिली तो प्रत्याशी समर्थक व कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। जीत की खुशी में समर्थकों व लोगों ने अपने-अपने वार्डों में डीजे पर नाच झूमकर विजय जुलूस निकालकर खुशियां मनाई। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी होने के कारण अधिकतर प्रत्याशी मौके पर मौजूद नहीं रहे जिस कारण चुनाव परिणाम के बाद विजय प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र नहीं दिया जा सका। चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के व कई निर्दलीय प्रत्याशी जरूर मतगणना के समय व जुलूस में मौजूद थे। जिन्हें समर्थकों व लोगों ने जीत की बधाई दी। चुनाव मतगणना के समय रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम प्रियंका कड़ेला मौके पर मौजूद रही वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए महाविद्यालय के आगे पुलिस बल तैनात रहा।