एसके आईटी कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी
ई-मेल से मचा हड़कंप
डी के सैनी
जयपुर (दैनिक नवयत्न ) । जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट एंड ग्रामोत्थान (एसकेआईटी) कॉलेज को बुधवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त होते ही एहतियातन पूरे कैंपस को खाली करा दिया गया। छात्र-छात्राओं और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर कॉलेज गेट के बाहर एकत्र किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस,दमकल और बम निरोधक दस्ता सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रत्येक भवन और संवेदनशील स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है।
ई-मेल में दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में आरडीएक्स से बने बम लगाए गए हैं और निर्धारित समय पर विस्फोट किया जाएगा। संदेश में खुद को ‘बालूचोटन टाइगर्स डीएमके आईटी विंग’ बताते हुए 11:45 बजे विस्फोट की धमकी दी गई। साथ ही भड़काऊ और आपत्तिजनक बातें भी लिखी गईं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी जारी है। धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यह शरारती तत्वों द्वारा भेजा गया फर्जी मेल भी हो सकता है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया गया है।