रोशनदान तोड़कर 15 लाख की चोरी करने वाला नकबजन गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। आदर्श नगर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े किराए के मकान में रोशनदान की सीमेंट जाली तोड़कर 15 लाख रुपए की नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नावेद चौधरी उर्फ शाहरुख ट्यूब 25 निवासी रहमान कॉलोनी, नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर के कब्जे से चोरी की 11 लाख 50 हजार रुपए की नकदी बरामद की है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि शांति मार्ग आदर्श नगर निवासी गंगाराम महतो ने 30 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चोर ने मकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मकान के ऊपर बने रोशनदान की सीमेंट की जाली तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी में रखे 15 लाख रुपए चुरा ले गया। जिस पर थानाधिकारी छगन डांगी के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गईं। मकान में पांच कमरे होने और केवल नकदी वाले कमरे में ही चोरी होने से पुलिस ने घर के सदस्यों की भूमिका की भी जांच की। दूसरी टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर 11.50 लाख रुपए बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जयसिंहपुरा खोर, जवाहर नगर, सुभाष चौक और आमेर थानों में चोरी, नकबजनी और मारपीट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से चोरी की शेष रकम की बरामदगी और अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।