गांजा तस्कर गिरफ्तार 

निसं
जयपुर (नवयत्न) । जयपुर शहर पश्चिम की बगरू थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 65 ग्राम गांजा और 3.82 ग्राम हाईड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
बगरू थानाधिकारी राजेन्द्र गोदारा के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मदन सिंह उर्फ अभिषेक सिंह (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर शहर और आसपास के क्षेत्र में स्थित कुछ प्रतिष्ठित कॉलेजों में मादक पदार्थ सप्लाई करने की बात कबूल की है। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई करने के बदले प्रत्येक पैकेट पर करीब 200 रुपए कमीशन लेता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को गांजा और हाईड्रोपोनिक गांजा कहां से मिलता था और कॉलेजों तक इसकी सप्लाई कौन-कौन करवा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ कर सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

You might also like