अनियंत्रित होकर कार दिवार से टकराई, हादसे में ड्राइवर की हुई मौत
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी थाना क्षेत्र के बीलवा में शनिवार शाम को एक गाड़ी अनियंत्रित होकर दिवार से टकरा गई। इस दौरान हादसे में गाड़ी ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जानकारी के अनुसार बीलवा निवासी जयवीर सिंह शेखावत (38) पुत्र पृथ्वी सिंह खेतड़ी के एक निजी अस्पताल में काम करता था। शाम करीब पांच बजे वह बीलवा के फार्म हाउस पर गाड़ी लेकर किसी काम से गया था। इस दौरान फार्म हाउस पर पंहुचने से पहले ही गाड़ी अनियंत्रित होकर दिवार से टकरा गई। इस दौरान गाड़ी की टक्कर लगने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा गाड़ी में सवार ड्राइवर जयवीर सिंह को गाड़ी से निकाल कर खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। मृतक जयवीर सिंह अपने परिवार में इकलौता सहारा था। इनके पिता पृथ्वी सिंह खेती-बाड़ी का काम करते हैं। मृतक शादीशुदा था इसके एक बेटा गर्वित (10) व बेटी प्रिती (8) साल की है। परिजनों को जब घटना के बारे सूचना लगी तो परिवार में कोहराम सा मच गया। घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण अस्पताल में एकत्रित हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस दौरान हादसे में गाड़ी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एएसआई सुरेंद्र भारद्वाज ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।