फिरौती मांगने और लाखों रुपये वसूलने का मामला

नवरतन वर्मा

चूरू (नवयत्न)। जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के एक प्रॉपर्टी व्यवसायी को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए जान से मारने की धमकी देकर करीब 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने और लाखों रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर 43 वर्षीय पन्नाराम जाट निवासी लधासर हाल निवासी रतनगढ़ ने पुलिस में लिखित रिपोर्ट दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पन्नाराम ने रिपोर्ट में लिखा है कि करीब आठ महीने पहले उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक विदेशी नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम वीरेंद्र चारण बताया। उसने कहा कि जमीन का काम अच्छा चल रहा है और उसने बहुत पैसे कमाए हैं, इसलिए वह दो-तीन दिन में दस लाख रुपये की व्यवस्था करे, नहीं तो काम-धंधा बंद करवा दिया जाएगा और रुपए नहीं देने पर जान से हाथ धोना पड़ेगा।

धमकी से डरकर पीड़ित ने जैसे-तैसे आठ लाख रुपये की व्यवस्था की। इसके बाद वीरेंद्र चारण के कहे अनुसार, पीड़ित ने लूंछ फाटा पर मुंह ढके हुए उसके एक आदमी को आठ लाख रुपयों से भरा थैला सौंप दिया। इसके बाद भी आरोपी लगातार व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी देता रहा और रुपयों की डिमांड करता रहा।

 

करीब पांच महीने पहले आरोपी के कहने पर पीड़ित ने मेगा हाईवे सड़क पर उसके आदमी को 70 हजार भी रुपये दिए थे। इसके बाद करीब डेढ़ महीने पहले फिर धमकी देकर दो लाख रुपये की मांग की गई, जिस पर पीड़ित ने आरोपी के आदमी केशव जाट निवासी कानसूनियों की ढाणी को दो लाख रुपये दिए। आरोपी का हौसला यहीं नहीं रुका, उसने 12 मई 2026 को फिर व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज कर पीड़ित को डराया-धमकाया कि वह 50 लाख रुपये की व्यवस्था करने की धमकी दी। बार-बार मिल रही धमकियों और लाखों रुपये गंवाने के बाद पीड़ित ने अपने परिजनों और समाज के लोगों को आपबीती बताई। परिजनों से हिम्मत मिलने के बाद पीड़ित पुलिस थाना पहुंचा तथा मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच थाना प्रभारी गौरव खिड़िया कर रहे हैं।

You might also like