रिश्वत लेते पकड़े सहायक अभियंता के घर मिली 43.38 लाख की नकदी और 20 किलो की चांदी सिल्लियां

निसं
जयपुर (नवयत्न)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भरतपुर इकाई ने रिश्वत लेते गिरफ्तार पंचायत समिति भुसावर के सहायक अभियंता गोविन्द प्रसाद के आवास की खाना तलाशी में 43 लाख 38 हजार 500 रुपए नकद और करीब 20 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां बरामद की हैं। एसीबी भरतपुर इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि 14 सितंबर को गोविन्द प्रसाद को 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। ट्रैप कार्रवाई के बाद आरोपी सहायक अभियंता के रिहायशी मकान की नियमानुसार खाना तलाशी ली गई। जहां खाना तलाशी के दौरान नकदी और चांदी के अलावा हिंडौन कस्बे में स्थित दो दुकानों, जयपुर के मानसरोवर में हाउसिंग बोर्ड के एक मकान तथा अन्य अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। एसीबी के अनुसार बरामद नकदी, चांदी और संपत्तियों के दस्तावेजों के संबंध में उनके स्रोत, स्वामित्व तथा आय के ज्ञात स्रोतों से संबंध की जांच की जा रही है। खानातलाशी रिपोर्ट और बरामद दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे अनुसंधान और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You might also like