बच्चों को मिले सुरक्षित माहौल :जिला न्यायाधीश
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। टैगोर शिक्षण संस्थान निम्बीजोधा में जिला न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विकास एचरा की उपस्थिति में विधिक सेवा सहायता कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला न्यायाधीश नाहर सिंह ने वर्तमान समय में बच्चों के साथ बढ़ते अपराधों पर चिंता जाहिर करते हुए विद्यार्थियों को सजग और सतर्क रहने के टिप्स बताए। अतिरिक्त जिला न्यायाधीश विकास एचरा ने सभी विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहते हुए उनके द्वारा किए जाने वाले आपराधिक कृत्यों से बचाव के लिए विस्तृत जानकारी दी। सभी विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के उपाय एवं विकट परिस्थिति में बिना घबराए साहस एवं धैर्य रखते हुए टोल फ्री नंबर 1098 (हेल्पलाइन) का उपयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अन्त में संस्था निदेशक गुलाब सिंह शेखावत ने विद्यार्थियों को सही-गलत को समझने और मोबाइल के अधिक उपयोग से बचने की सलाह दी एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।