चूरू में कोरोना विस्फोट, एक दिन में मिले 13 पॉजिटिव
सरदारशहर क्षेत्र में सबसे अधिक छह जने मिले संक्रमित
चूरू,(पीयूष शर्मा)17 मई। जिले में प्रवासी जनों का सिलसिला शुरू होने के बाद 17 मई को एक साथ हुए कोरोना विस्फोट के बाद प्रशासनिक अधिकारियों व चिकित्सा महकमे में एकबारगी हडक़ंप सा मच गया।
लॉक डाउन की शुरुआत से अब तक एक दिन में सबसे अधिक एक साथ 13 जने कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। 15 मई को लिए गए सैंपल की 17 मई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेडिकल कॉलेज चूरू की लैब से मिली रिपोर्ट के मुताबिक जिले के सरदारशहर से छह, रतनगढ़-चूरू-बीदासर से दो-दो तथा सुजानगढ़ से एक मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। कोरोना संक्रमित पाए गए सभी पुरुष मरीजों की उम्र 18 से लेकर अधिकतम 46 वर्ष है।
जिले में अब तक 46 संक्रमित
17 मई को एक ही दिन में 13 पॉजिटिव आने के बाद चूरू जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 46 को छू गया। इससे पहले 16 मई तक जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 33 थी। जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। वहीं अब जिले में एक्टिव मरिजों की संख्या 31 है।
आठ मई के बाद बढ़े 31 मरीज
प्रवासियों का आगमन शुरू होने के बाद आठ से 15 मई तक जिले में 18 कोरोना संक्रमित पाए गए। दो दिन बाद 17 मई को 13 मरीज बढऩे से ये आंकड़ा 31 तक पहुंच गया।