थानाधिकारी आत्महत्या मामला: सीआईडी सीबी टीम की जांच तीसरे दिन भी जारी
डीजीपी ने बढ़ाया जवानों का हौंसला
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)28 मई। थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या मामले मे तीसरे दिन सीआईडी सीबी की जांच जारी रही। वहीं मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजे। सीआईडी सीबी टीम लगातार तीसरे दिन जांच जारी रखी। लेकिन अधिकारी जांच प्रभावित ना हो एवं जांच पूर्ण होने तक का कहकर जांच कर रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर एवं आमजन में दिनभर तरह-तरह की चर्चा जोरों पर रही। किसी ने मामले को गहरी साजिश बताया तो किसी ने दबाव व प्रेशर की बात कहीं। घटना के बाद विश्नोई के परिवार, माता-पिता, पत्नी, भाई-बहिन को सूचना तक नहीं दी गई आदि मामलो की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताई है।
जवानों में अब भी है मायूसी
घटना के पांच दिन बीत गए लेकिन जवानों में अब भी मायूसी एवं दु:ख की झलक देखी जा सकती है। जवान ने तो उनको भगवान बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से बहुत कुछ सीखने को मिला है।
डीजीपी ने बढ़ाया जवानों का हौंसला
वहीं डीजीपी डॉ भूपेन्द्र सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से स्थानीय पुलिस जवानों एवं अधिकारियों का हौंसला बढ़ाया। एएसपी भरतराज ने बताया कि डीजीपी ने वीडियो कॉल करके जवानों का उत्साहवर्धन किया तथा जवानों का हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने तथा थानाधिकारी की आत्महत्या करने के बाद मनोवैज्ञानिक तरीके से दबाव झेल रहे पुलिसकर्मियों से सीधे संवाद कर उत्साहवर्धन किया।
