दीपावली पर्व को देखते हुए घी, तेल, मसाला, मावा, दूध आदि के सैम्पल लिए

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशन में स्वास्थ्य की टीम ने गुरूवार को जुलियासर, पलसाना क्षेत्र में कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा, सुरेश कुमार शर्मा व अन्य ने अंजनीमाता मंदिर जुलियासर से मावा पेड़ा, चुरमा मिठाई का सैम्पल लिया। वहीं मातु श्री अंजनी रेस्टोरेंट, श्री राधे मिष्ठान भंडार से मावा, चुरमा मिठाई तथा श्री श्याम इंटरप्राइजेज से घी व दूध, शिव शंकर मिष्ठान भंडार से मावा पेड़ा, पलसाना औद्योगिक क्षेत्र में सिंघानिया ट्रेडिंग कम्पनी पलसाना से सरसों तेल, आटा, श्री अम्बिका मसाला उद्योग से हल्दी, धनिया पाउडर, श्री जगदीश फ्लोर मिल के यहां से गेहूं का आटा, मैदा आदि का सैम्पल लिया। सभी सैम्पलों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ अशोक महरिया ने बताया कि दीपावली के पर्व को देखते हुए विभाग की ओर से खाद्य वस्तुओं की जांच लगातार की जाएगी। उन्होंने आमजन से खाद्य वस्तुओं में मिलावट करने वालों की सूचना विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01575-248211 पर देने की अपील की है।

You might also like