नगरपालिका चुनाव को लेकर कलेक्टर-एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

निसं
सिंघाना (नवयत्न)। सिंघाना में नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार शाम को जिला कलेक्टर डॉ अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने सिंघाना कस्बे में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने सिंघाना में 8 मतदान केंद्रों को संवेदनशील माना है। इन बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। कलेक्टर डॉ अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने कहा कि चुनाव में माहौल बिगाड़ने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस की ओर से कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला गया। हथियारबंद जवानों के साथ निकाले गए फ्लैग मार्च से पुलिस ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव का संदेश दिया। एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने बुधवार रात को सिंघाना में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच हुई मारपीट की घटना को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने तथा चुनाव के दौरान आपसी विवाद और तनाव की स्थिति पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर इस दौरान बुहाना डीएसपी मंजू चौहान, खेतड़ी एसडीएम सुनील कुमार चौहान, खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद, सिंघाना सीआई सुगन सिंह बिजारणियां सहित पुलिस जवान और हथियारबंद जवान मौजूद रहे।

You might also like