अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नोखा रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं विकास कार्यों की प्रगति का शुक्रवार को उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआरएम त्रिपाठी ने निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन नए प्रतीक्षालय, स्टेशन परिसर, स्टेशन बिल्डिंग, शौचालय, सर्कुलेटिंग एरिया तथा विभिन्न स्टेशन कार्यालयों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों से पुनर्विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। डीआरएम ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता एवं तय मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। साथ ही निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। डीआरएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री आवागमन की व्यवस्था तथा स्टेशन बिल्डिंग में प्रस्तावित एवं विकसित सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्थित यात्री आवागमन और बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआरएम त्रिपाठी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशनों का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक, सुविधाजनक एवं बेहतर रेल यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नोखा रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे विकास कार्यों में यात्री सुविधाओं, स्टेशन की कार्यक्षमता, स्वच्छता एवं आधुनिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही।

You might also like