सड़क सुरक्षा पर कलेक्टर सख्त, अतिक्रमण और ओवरलोडिंग पर होगी कार्रवाई

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने शहरों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने को कहा। उन्होंने सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निकाय नियमों के तहत कार्रवाई और बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को सड़क से पर्याप्त दूरी पर पोल लगाने और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने को कहा। संबंधित विभागों को संयुक्त टीमें बनाकर समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता हजारी राम बिश्नोई सहित पुलिस, परिवहन, खनिज, शिक्षा, नगर निकाय और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ब्लैक स्पॉट का काम जल्द पूरा करें
एसपी कावेन्द्र सिंह सागर ने स्टेट हाईवे-37 पर झुंझुनूं-उदयपुरवाटी-खंडेला मार्ग के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर चल रहे काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने खनिज एवं परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमित कार्रवाई और पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। वहीं आरएसआरडीसी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जरूरत के अनुसार लिंक मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाने और सड़कों के गड्ढे जल्द भरने को कहा।

You might also like